पटना के दीघा स्थित पाटीपुल घाट पर रविवार शाम एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने इंसानियत और सतर्कता दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी राम नरेश सिंह अपनी पत्नी के साथ पूजा सामग्री विसर्जित करने गंगा घाट पहुंचे थे, लेकिन कुछ ही मिनटों में उनकी आंखों के सामने उनकी स्कॉर्पियो गंगा में समा गई।
जानकारी के अनुसार, शिवपुरी मोहल्ले निवासी राम नरेश सिंह ने धार्मिक अनुष्ठान के बाद पूजा सामग्री विसर्जन के लिए अपनी सफेद स्कॉर्पियो घाट की ढलान पर खड़ी की थी। दंपती गाड़ी से उतरकर गंगा किनारे चले गए, लेकिन इसी दौरान वे गाड़ी का हैंडब्रेक लगाना भूल गए। ढलान होने के कारण भारी स्कॉर्पियो धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगी और देखते ही देखते गंगा की ओर लुढ़क गई।
जब तक दंपती को इसका एहसास हुआ, तब तक गाड़ी नियंत्रण से बाहर हो चुकी थी। दोनों चीखते-चिल्लाते गाड़ी को रोकने के लिए दौड़े और आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन वहां मौजूद अधिकांश लोग मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में जुटे रहे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर कुछ लोग मिलकर पहियों के नीचे पत्थर या अवरोध लगा देते, तो गाड़ी को डूबने से बचाया जा सकता था।
करीब 10 साल पुरानी यह स्कॉर्पियो राम नरेश सिंह के लिए सिर्फ एक वाहन नहीं, बल्कि उनकी मेहनत और यादों का हिस्सा थी। गाड़ी के गंगा में समा जाने के बाद दंपती गंगा किनारे बेबस होकर बैठ गए। यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति को झकझोर देने वाला था।
घटना की सूचना मिलने पर दीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और क्रेन की मदद से गाड़ी निकालने की कोशिश शुरू की, लेकिन गंगा की गहराई, तेज बहाव और फिसलन के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। पुलिस का कहना है कि हादसा पूरी तरह सुरक्षा में बरती गई लापरवाही का नतीजा है। ढलान वाली जगहों पर वाहन खड़ा करते समय हैंडब्रेक लगाने के साथ गाड़ी को गियर में रखना बेहद जरूरी होता है।
इस घटना के बाद घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग की समस्या भी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटों पर बैरीकेडिंग और सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
यह हादसा केवल एक वाहन के डूबने की कहानी नहीं, बल्कि उस समाज का आईना भी है जहां मदद करने वाले हाथों से ज्यादा मोबाइल कैमरे सक्रिय नजर आते हैं।


0 टिप्पणियाँ